आखिर कौन है, योगी का हमशक्ल जिसे लेकर घूम रहे हैं अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को अपने चार्टर्ड प्लेन के भीतर की एक तस्वीर ट्वीट की. जिसमें अखिलेश यादव भगवा वस्त्र पहने हुए एक शख्स के साथ नाश्ता करते हुए दिखाई दे रहे हैं. यह शख्स हू-ब-हू प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जैसा दिख रहा है.

योगी के हमशक्ल के साथ नाश्ता करते हुए अखिलेश यादव (फोटो-ट्विटर)
लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान कई मौकों पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हमशक्ल दिख चुका है. अखिलेश यादव ने बुधवार को अपने चार्टर्ड प्लेन के भीतर की एक तस्वीर ट्विटर पर शेयर की. जिसमें वो हू-ब-हू योगी आदित्यनाथ से मिलते-जुलते शख्स के साथ नाश्ता करते हुए दिखाई दे रहे हैं.

ऐसे में सवाल उठता है कि तस्वीर में दिख रहा शख्स क्या सचमुच में योगी आदित्यनाथ है? आखिर कौन है ये शख्स जो इन दिनों चार्टर्ड प्लेन से लेकर अखिलेश यादव के मंच पर हमसाए की तरह होता है.

जब उन्होंने हमारे जाने के बाद मुख्यमंत्री आवास को गंगा जल से धोया था तब हमने भी तय कर लिया था कि हम उनको पूड़ी खिलाएँगे!

  • अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा है कि ” जब उन्होंने मेरा घर गंगा जल से धोया था तभी मैंने तय किया था कि मैं उन्हें पूड़ी खिलाऊंगा”.

योगी का हमशक्ल है तस्वीर में दिख रहा शख्स

तस्वीर में पूड़ी खाते हुए भगवा वस्त्र पहने जो शख्स दिख रहा है वो सीएम योगी आदित्यनाथ का हमशक्ल है. उनका असली नाम सुरेश ठाकुर है. वह लखनऊ के कैंट इलाके के रहने वाले हैं और बौद्ध धर्म के अनुयायी हैं. वह सीएम योगी की तरह भगवा वस्त्र और कानों में कुंडल पहनते हैं. नख से लेकर शिखा तक सुरेश ठाकुर का पहनावा योगी आदित्यनाथ के वेषधारी की कॉपी लगता है.

आजतक से बात खास बातचीत में सुरेश ठाकुर ने कहा कि अगर मेरी शक्ल योगी आदित्यनाथ से मिलती है तो मैं क्या कर सकता हूं. मुझे देखकर अगर लोगों को खुशी मिलती है तो यह अच्छा लगता है. मैं हमेशा ऐसे ही गेट अप में रहता हूं. भगवा को लोगों ने हिंसा का प्रतीक बना दिया है लेकिन मैं अहिंसा की बात करता हूं क्योंकि मैं बौद्ध धर्म को मानने वाला हूं.’

अखिलेश यादव की मंशा

सुरेश ठाकुर की शक्ल लगभग योगी से मिलती-जुलती है. कैमरे के कई कोनों से खींची गई उनकी तस्वीरों को देखकर आपको हैरानी होगी. लगेगा मानो यह कोई हमशक्ल नहीं बल्कि खुद योगी आदित्यनाथ हैं. लेकिन सुरेश ठाकुर को राजनीतिक रूप से अपना हमसाया बनाकर घुमाने के पीछे अखिलेश यादव की क्या मंशा है? दरअसल, अखिलेश यादव अपने मंच से सुरेश ठाकुर के बहाने योगी आदित्यनाथ पर सीधा निशाना साधते हैं और बताते हैं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ असली योगी नहीं बल्कि उनके साथ चल रहा यह हमशक्ल असली योगी है.

हमशक्ल के बहाने योगी पर हमला

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सुरेश ठाकुर के बहाने सीएम योगी आदित्यनाथ पर सीधा हमला करते हैं. चिलम की बात करते हैं. मुख्यमंत्री आवास को गंगाजल से धुलाने की बात याद दिलाते हैं. सामने रखकर ये भी कहते हैं कि जब भी सत्ता में आया तो मुख्यमंत्री आवास में चिलम ढूंढूंगा.

अखिलेश के मंच पर योगी का हमशक्ल
भले ही अखिलेश यादव के साथ योगी आदित्यनाथ की ऐसी कोई असली तस्वीर अभी तक सामने नहीं आई है. जिसमें अखिलेश और योगी आदित्यनाथ कुछ यूं एक साथ बैठे हों, लेकिन अखिलेश यादव इन तस्वीरों के बहाने योगी आदित्यनाथ का मजाक उड़ाने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे.

सुरेश ठाकुर पहले भी अखिलेश के साथ दिखे

इन दिनों योगी आदित्यनाथ का ये हमशक्ल अखिलेश यादव के साथ हर चुनावी मंच पर नजर आता है. अखिलेश यादव अपने हर भाषण में योगी के इस हमशक्ल का जिक्र करना नहीं भूलते. योगी के हमशक्ल सुरेश ठाकुर अखिलेश यादव के साथ फैजाबाद, बाराबंकी और गोरखपुर में साथ दिखाई दे चुके हैं.

Create your own website, free on WordPress.com.Create your own website.
Start free